
बैजनाथ (कांगड़ा)। पांच दिवसीय राज्यस्तरीय शिवरात्रि महोत्सव का समापन सोमवार को इंदिरा गांधी स्टेडियम में झंडा उतारने की रस्म के साथ हुआ। समापन समारोह में पंचायती राज मंत्री अनिल शर्मा के न आने पर विधायक किशोरी लाल ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक शिव मंदिर के कारण बैजनाथ में हजारों श्रद्धालु शिव दर्शनों के लिए आते हैं। उनकी सुविधा के लिए और संसाधन जुटाए जाएंगे।
सीएम वीरभद्र सिंह की अगुवाई में क्षेत्र में एक वर्ष में करोड़ों के विकास कार्य शुरू हुए हैं। मेला कमेटी के अध्यक्ष एवं एसडीएम ऋग्वेद ठाकुर ने मेले में सहयोग देने वाले समस्त सहयोगियों का आभार व्यक्त किया और मेले में रही त्रुटियों को प्रशासन के सामने लाने का आग्रह किया। उन्हाेंने मंदिर में आयोजित महारुद्र यज्ञ में सहयोग के लिए पपरोला फार्मेसी के प्रवीण शर्मा का धन्यवाद किया। इससे पूर्व मंदिर में पांच दिन तक चले महारुद्र यज्ञ का समापन पूर्णाहुति के साथ हो गया। शिव शक्ति सुधार सभा ने मंदिर के समीप भंडारे का आयोजन किया। इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जगदीश राणा, डीएसपी पुनीत रघु, अधिशाषी अभियंता अश्वनी सूद, बीडीओ राजीव सूद, तहसीलदार डीसी ठाकुर, नायब तहसीलदार काली दास, विंता सूद, रमेश चड्ढा, मिलाप राणा, राजेश राणा, मुलख राज मेहता, रविंद्र बिटटू, अशोक गुलेरिया, रणवीर कटोच आदि उपस्थित रहे।
