
शिमला। समर फेस्टिवल की चौथी सांस्कृतिक संध्या में शिव्या पठानिया को मिस शिमला समर फेस्टिवल चुना गया। इसके अलावा शगुन फर्स्ट और रचिता को सेकेंड रनर अप के खिताब से नवाजा गया। ‘मिस शिमला समर फेस्टिवल’ प्रतियोगिता में पंद्रह प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। सुप्रसिद्ध मॉडल मार्क राबिनसन ने प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका निभाई। समर फेस्टिवल की चौथी सांस्कृतिक संध्या में मंगलवार को मुख्य सचिव सुदृप्तो राय बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुए। उपायुक्त दिनेश मल्होत्रा ने मुख्य अतिथि को सम्मानित किया। ग्रीष्मोत्सव की चौथी सांस्कृतिक संध्या में मुख्य आकर्षण ‘मिस शिमला समर फेस्टिवल’ प्रतियोगिता रही। ड्रेस, टैलेंट व क्वश्चन आंसर राउंड में प्रतिभागियों ने अपने हुनर, आत्मविश्वास व अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में निष्ठा शर्मा, नाशी चौहान, महक सेठ, तमन्ना ब्राम्टा, श्रेया मोक्टा, प्रियंका पाह्वा, शगुन जसवाल, त्रिशाला शर्मा, शिव्या पठानिया, रचिता कुकरेजा, नूतन शर्मा, रशेल, शालिनी तांटा, ईशा जमालटा व अनु वैद्य ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के कार्यक्रम प्रमुख राजीव अरोड़ा ने बताया कि इंडियन डीवा के सहयोग से आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता का भाग है। प्रतियोगिता में मिस शिमला का खिताब जीतने वाली प्रतिभागी को अगस्त में मुंबई में होने वाली मिस यूनिवर्स कंपीटीशन की टॉप 40 प्रतिभागियों में सीधा प्रवेश मिलेगा। कार्यक्रम में एडीसी डा. नरेश कुमार लट्ठ, पुलिस अधीक्षक अभिषेक दुल्लर, एडीएम एनके रतन, आरके गौतम सहित कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
