
शिवसेना नेता संदीप थापर गोरा पर हमला करने के मामले में नया मोड़ आ गया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि यह हमला एकदम नहीं बल्कि पूरी प्लानिंग के साथ किया गया था।
पुलिस इस मामले में पहले ही आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल हथियार और मोबाइल बरामद कर चुकी है। जानकारी के अनुसार अबोवाल के रहने वाले जसविंदर सिंह ने ही इस पूरे मामले की साजिश रची थी। गोरा थापर पर हमला करने के बाद आरोपी टहल सिंह उर्फ सुच्चा सिंह सीधे जसविंदर सिंह के पास ही गया था जिसके बाद उसने ही जसविंदर सिंह को भगाने में मदद की है।
एक हफ्ते पहले हुई थी वारदात
पिछले शुक्रवार की सुबह निहंगों के बाणे में आए तीन युवकों ने बीच सड़क पर संदीप थापर गोरा के सिर और हाथों पर तलवारों से 12 बार ताबड़तोड़ हमला कर उन्हें बुरी तरह से घायल कर दिया था। वारदात के समय गोरा के साथ उनका सिक्योरिटी गार्ड भी था, लेकिन हमलावरों के सामने वो भी कुछ नहीं कर सका। इसके बाद हमलावर गोरा की एक्टिवा से ही फरार हो गए थे। सड़क से गुजर रहे लोग हमला होते देखते रहे, लेकिन किसी ने भी गोरा को बचाने की हिम्मत नहीं जुटाई। सारी घटना वहां लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
