
मंडी।(मनोज ठाकुर ) अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में देव रथों की सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से पुख्ता इंतजाम किए हैं। महोत्सव में चप्पे-चप्पे पर पुलिस जवान तैनात रहेंगे। करीब 750 पुलिस जवानों को महोत्सव में ड्यूटी पर तैनात किया है। देवी-देवताओं के ठहरने वाले स्थानों पर भी कड़ा पहरा रहेगा। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु रखने को अतिरिक्त पुलिस जवान तैनात किए हैं। वाहनों की पार्किंग के लिए व्यवस्था की है।
शिवरात्रि महोत्सव में सैकड़ों देवी-देवताओं के रथ मंडी पहुंच गए हैं। देव रथों पर करोड़ों के सोने और चांदी से बने मोहरे लगे होते हैं। शिवरात्रि में आने वाले देवताओं और साथ में आने वाले देवलुओं के लिए शहर के मंदिरों के अलावा स्कूलों में ठहरने की व्यवस्था की है। जहां हर देवता के ठहरने वाले स्थान पर पुलिस के जवान निगरानी रखेंगे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कुलदीप राणा ने बताया कि शिवरात्रि महोत्सव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी। करीब 750 जवानों को मेला ड्यूटी में तैनात किया है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर देवी-देवता ठहरें हैं, वहां पर पुलिस के जवान तैनात किए हैं। उन्होंने बताया कि वाहनों के लिए गुरुद्वारा, भीमाकाली मंदिर, आईटीआई, बस स्टैंड, पुलघराट के पास पार्किंग स्थल चिन्हित किए हैं। यहां लोग अपने वाहनों को खड़ा कर सकते हैं।
