
शिलाई (सिरमौर)। विकास खंड शिलाई की 29 पंचायतों में निर्माण कार्य अनियमितताओं के घेरे में है। विकास खंड की 11 पंचायतों की शिकायत उपायुक्त सिरमौर एवं विकास खंड अधिकारियों को पूर्व में प्रेषित की गई है। मामलों की जांच चल रही है। क्षेत्र में विकासात्मक कार्यों को लेकर बुद्धिजीवियों ने सवाल उठाए हैं। विकास खंड के अंतर्गत जिन पंचायतों की शिकायतें हुई हैं, उनमें क्यारी गुंडाह, बांदली, मानल, जरवा जुनैली, अजरोली, नैनीधार, नाया, पाब मानल, शिरी क्यारी, बाली कोटी तथा लोझा मानल आदि शामिल हैं। अहम बात यह है कि विकास खंड की 29 में से मात्र 11 पंचायतों की ही ग्रामीणों ने विभिन्न अनियमितताओं को लेकर शिकायत की है। विभागों की मानें तो वह इन शिकायतों को महज ग्रामीणों के आपसी झगड़ों को बता रहे हैं। इस संबंध में विकास खंड अधिकारी शिलाई साहिब दयाल ने पुष्टि करते हुए बताया कि क्षेत्र की 11 पंचायतों की शिकायत उनके पास आई है, जिनकी जांच प्रगति पर है। इन सभी मामलों की पारदर्शिता से जांच की जा रही है। दोष साबित होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
