शिलाई की कई सड़कें खस्ताहाल

शिलाई (सिरमौर)। आए दिन हो रहे बस हादसों से क्षेत्र के बस मालिकों, चालक तथा परिचालकों ने कोई सबक नहीं सीखा है। कुछ बसों में अभी तक सवारियां बेखौफ छतों पर सफर कर रही हैं। हालांकि, दो माह के भीतर बड़ी दुर्घटनाओं में 60 से ज्यादा लोगों ने जान गंवाई है। शिलाई क्षेत्र में सड़कों की हालत बेहद खस्ता है। कुछ बसों में अक्सर ओवरलोडिंग होती है। कई बार तो निगम की बसों में भी सवारियां छतों पर बैठती हैं। शिलाई क्षेत्र की गत्ताधार, बालीकोटी, मिल्लाह, टटियाणा, कोटा पाब सहित कई सड़कों की हालत बेहद खराब है। इन सड़कों पर सफर जीवन से खिलवाड़ करने जैसा है। अक्सर इन क्षेत्रों में वाहनों के भीतर तथा छतों के ऊपर भारी संख्या में सवारियां सफर करती हैं। कुछ मौकों पर पुलिस ऐसे वाहनों से सवारियों को नीचे उतार देती हैं, मगर वाहन के दूर चले जाने पर सवारियां फिर से छतों पर बैठ जाती हैं।
उधर, थाना प्रभारी शिलाई बालकराम चौधरी ने बताया कि क्षेत्र में समय-समय पर पुलिस नाके लगाकर ओवरलोडिंग के मामलों पर चालान काटती है। जनता को भी मामले में जागरूक होना चाहिए। पुलिस भी समय-समय पर यातायात नियमों एवं शिविरों के माध्यम से लोगों को जागरूक करती है।

Related posts