शिमला में होगा आयोग अध्यक्षों का सम्मेलन

शिमला। हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष केएस तोमर ने वीरवार को नई दिल्ली में संघ लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष प्रो. डीपी अग्रवाल से भेंट की। उनसे प्रदेश लोक सेवा आयोग की कार्यप्रणाली के संबंध में विचार-विमर्श किया। उन्होंने राज्य लोक सेवा आयोगों के अध्यक्षों के वार्षिक सम्मेलन को शिमला में आयोजित करवाने का प्रस्ताव रखा। प्रो. अग्रवाल ने इस प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए कहा कि संघ लोक सेवा आयोग सम्मेलन के निर्णय के संबंध में विभिन्न राज्य लोक सेवा आयोगों को अवगत करवाएगा। इस दौरान हिमाचल में लोक सेवा आयोग की ओर से शुरू किए गए विभिन्न नवीन प्रयासों की जानकारी दी। प्रदेश लोक सेवा आयोग ने विभिन्न प्रवेश परीक्षाओं के उम्मीदवारों की सुविधा के लिए आनलाइन प्रार्थना पत्र, बार कोडिंग प्रणाली, टोल फ्री सेवा और ई-पेमेंट प्रणाली जैसे पग उठाए हैं। प्रो. डीपी अग्रवाल ने इस मौके पर अवसर पर देश के सभी लोक सेवा आयोग के अध्यक्षों के वेतन एवं अन्य भत्तों की बराबरी पर बल दिया। हिमाचल प्रदेश में हाल ही में राज्य लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष को मुख्य सचिव के समतुल्य रैंक एवं स्तर प्रदान किया है। अध्यक्ष को अपने सरकारी वाहन पर राष्ट्रीय ध्वज के प्रयोग के लिए प्राधिकृत किया गया है।

Related posts