शिमला में मल्टीप्लेक्स का मजा

शिमला। शिमला के अंतरराज्यीय बस स्टैंड परिसर में एचडी मल्टीप्लेक्स और होटल की सुविधा शुरू हो गई है। परिवहन मंत्री जीएस बाली ने शुक्रवार को शिमला के पहले मल्टीप्लेक्स का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आईएसबीटी में 150 बसों तथा 300 छोटी गाड़ियों की पार्किंग की व्यवस्था है। अब यहां मल्टीप्लेक्स थियेटर और डिजिटल साऊंड वाले हॉल खुलने से यात्रियों को अच्छे मनोरंजन की सुविधा भी उपलब्ध होगी। मल्टीप्लेक्स में पर्यटक और स्थानीय लोग अच्छे माहौल में फिल्म देखने का आनंद उठा सकेंगे।
उन्होंने कहा कि यात्रियों और पर्यटकों की सुविधा के लिए आईएसबीटी टूटीकंडी से माल रोड शिमला के लिए रज्जू मार्ग का निर्माण किया जा सकता है, जिसके लिए उन्होंने बस अड्डा प्रबंधन को संभावनाएं तलाशने के लिए कहा है। इस मौके पर अतिरिक्त मुख्य सचिव (परिवहन) अजय मित्तल, प्रबंध निदेशक एचआरटीसी ओंकार शर्मा, सचिव समान्य प्रशासन भरत खेड़ा, आईएसबीटी के चेयरमैन चांद खान के अलावा विभाग के कई अधिकारी उपस्थित थे। परिहवन मंत्री ने सीके इंटरनेशनल होटल का भी शुभारंभा किया, जिसमें थ्री स्टार सुविधाओं वाले 40 कमरे हैं।
इनसेट
आज से ओरंगजेब और आशिकी-2 फिल्में
शिमला। नए आईएसबीटी में शुरू हुए हाई डेफिनिशन मल्टीप्लेक्स में एक साथ दो थियेटर चलेंगे। इनमें कुल 374 सीटें हैं। शनिवार से एक थियेटर में ओरंगजेब और दूसरे में आशिकी-2 फिल्में चलेंगी। सुबह 12 बजे से पहले प्रति सीट टिकट 100 रुपए और इसके बाद 150 रुपए होगा। गाड़ी में आते हैं तो पार्किंग फीस अलग से देनी होगी। फिल्मों के लिए आनलाइन बुकिंग परसों से शुरू हो रही है। आईएसबीटी प्रोजेक्ट के निदेशक यूसुफ खान ने बताया कि अब 90 दिन के भीतर यहां सभी शोरूम और अन्य दुकानें भी शुरू हो जाएंगी।

Related posts