शिफ्ट होगी हिमाचल निर्माता की प्रतिमा

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री धनी राम शांडिल ने कहा कि हिमाचल निर्माता डा. वाईएस परमार की प्रतिमा को नगर परिषद सोलन के सहयोग से चिल्ड्रन पार्क अथवा सम्मानजनक स्थान पर स्थापित किया जाएगा। वर्तमान सरकार समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए तत्पर है। सार्वजनिक उपयोग के भवनों का इस तरह निर्माण किया जाए, जिससे ये निर्माण कार्य पूरे क्षेत्र के लिए बहुआयामी संपत्ति बन सके और अधिक से अधिक लोग इन भवनों में विविध गतिविधियां आयोजित कर सकें। वह सिरमौर कल्याण मंच के आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे।
उन्होंने सिरमौर कल्याण मंच की ओर से सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से जिला की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संजोए रखने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि मंच का सोलन में बहुआयामी गतिविधियां आयोजित करने के लिये एक भव्य भवन का निर्माण किया जाएगा।
इससे पहले मुख्य संसदीय सचिव विनय कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित करके मंच की ओर से आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि सिरमौर मंच के लिए सोलन में जमीन की व्यवस्था की जाएगी और सुंदर भवन का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कल्याण मंच को कार्यक्रम आयोजित करने हेतु अपने ऐच्छिक निधि से पांच हजार रूपये देने की घोषणा भी की। सिरमौर कल्याण मंच के अध्यक्ष बलदेव चौहान, उपप्रधान प्रदीप ममगई और महासचिव गगन चौहान सहित सभी पदाधिकारियों ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कर्नल धनी राम शांडिल तथा मुख्य संसदीय क्षेत्र विनय कुमार का स्वागत किया। इस मौके पर सोलन तथा सिरमौर जिला के कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘हाटी-बघाटी’ भी प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर नगर परिषद सोलन के अध्यक्ष कुल राकेश पंत, उपाध्यक्ष पवन गुप्ता, कांग्रेस नेता विनोद सुल्तानपुरी, जिला कांग्रेस कमेटी सोलन के अध्यक्ष राहुल ठाकुर, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव हेमेंद्र ठाकुर, अध्यक्ष सोलन विस क्षेत्र रमेश ठाकुर, अध्यक्ष जोगेंद्रा का-आपरेटिव बैंक मोहन मेहता, प्रधान मनोज कुमार, सुशील चौधरी, विनोद कुमार के अलावा एसडीएम टशी संडूप, सहायक आयुक्त सुभाष सकलानी, जिला कार्यक्रम अधिकारी तेगटा और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Related posts