शिक्षा विभाग में समायोजित करें

चंबा। हिमाचल प्रदेश कंप्यूटर शिक्षक संघ चंबा इकाई की शनिवार को बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता संघ के जिला अध्यक्ष रवि कुमार ने की। बैठक में समस्त शिक्षकों ने भाग लिया और शिक्षक संघ के विभिन्न मुद्दों के बारे में विचार-विमर्श किया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि जल्द कंप्यूटर शिक्षक संघ का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से मिलेगा और अपनी मांगें सीएम के समक्ष रखेगा। जिलाध्यक्ष ने बताया कि कंप्यूटर शिक्षक कई दिनों से सरकार व विभाग से अपनी मांगें उठा रहे हैं। अभी तक उनकी मांग पर गौर नहीं किया गया है। कंप्यूटर शिक्षकों ने प्रदेश सरकार व शिक्षा विभाग से गुहार लगाई है कि उनको भी शिक्षा विभाग में समायोजित किया जाए। जिलाध्यक्ष ने बताया कि बीते 12 वर्षों से शिक्षकों के लिए कोई ठोस नीति नहीं बनाई जा रही है और समस्त कंप्यूटर शिक्षकों को कंपनी द्वारा शोषित किया जा रहा है। समस्त कंप्यूटर शिक्षकों का सेवाकाल 10-12 वर्ष तक का हो गया है। इसके बावजूद भी शिक्षकों का भविष्य सुरक्षित नहीं है। हर वर्ष 31 मार्च को शिक्षकों को अपनी नौकरी को बचाने के लिए संघर्ष करना पड़ता है और कंपनी के साथ कांट्रेक्ट पर प्रदेश में 1500 शिक्षक सेवाएं दे रहे हैं। शिक्षकों ने प्रदेश सरकार व शिक्षा विभाग से मांग की है कि उनके लिए जल्द ठोस नीति बनाई जाए और शिक्षा विभाग में समायोजित किया जाए। बैठक में रवि, सूरज, रूप भारद्वाज, कमलेश, नीलम, ज्ञान, पंकज, कुशल, राकेश, भारती, नीलम व मीरा मौजूद रहे।

Related posts