
धर्मशाला। प्रदेश के सबसे बड़े जिला कांगड़ा में शिक्षा विभाग व स्कूलों के बीच पूरी तरह से संपर्क टूट चुका है। उच्च शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय में पिछले एक सप्ताह से यही हालात हैं। उच्च शिक्षा विभाग के तहत 425 से ज्यादा हाई तथा सेकेंडरी स्कूल आते हैं, जो गत एक सप्ताह से कार्यालय के संपर्क में नहीं हैं।
आलम यह है कि बजट न होने के चलते विभाग ने टेलीफोन का बिल जमा नहीं करवाया है। इसके चलते टेलीकॉम कंपनी ने विभाग का टेलीफोन कनेक्शन काट दिया है। वर्तमान में विभाग के उच्च शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय में टेलीफोन व इंटरनेट सुविधा पूरी तरह से ठप पड़ी हुई है। जबकि विभाग सभी स्कूलों को आनलाइन करने के स्वपन देख रहा है। लेकिन जमीनी हकीकत प्रदेश के सबसे बड़े जिला कांगड़ा में देखने को मिल रही है। जहां बजट न होने के चलते शिक्षा विभाग का टेलीफोन कनेक्शन बंद काट दिया गया है। इससे कि जिला भर के सवा चार सौ से ज्यादा स्कूलों से किसी तरह का कोई संपर्कनहीं हो पा रहा। उच्च शिक्षा उप निदेशक कार्यालय धर्मशाला में स्कूलों के साथ संपर्क कर होने वाले सभी कामकाज ठप पड़े हुए हैं। जानकारी के अनुसार शिक्षा विभाग ने बजट की कमी के चलते गत माह का बिल जमा नहीं करवाया है। इसके चलते विभाग का टेलीफोन कनेक्शन काट दिया गया है। वर्तमान में टेलीफोन के साथ-साथ इंटरनेट सुविधा भी ठप पड़ी हुई है। उपनिदेशक कार्यालय में टेलीफोन पर सिर्फ इनकमिंग कॉल सुविधा ही उपलब्ध है।
नहीं है बजट : भजन
वहीं उच्च शिक्षा के कार्यवाहक उपनिदेशक भजन सिंह का कहना है कि बजट की कमी के चलते बिल जमा नहीं करवाया गया है। विभाग से बजट आने पर ही बिल जमा करवाया जा सकेगा।
