
नैनीताल। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम के साथ मंगलवार को सेंट जोंस स्कूल का वार्षिकोत्सव मनाया गया। नन्हें बच्चों ने नृत्य के माध्यम से विभिन्न प्रांतों की लोक संस्कृति को जीवंत किया और नाटकों के माध्यम से समाज को संदेश भी दिया।
क्षेत्रीय विधायक सरिता आर्या ने कहा कि आज के बच्चे कल का भविष्य हैं। ऐसे में समाज के प्रति प्राथमिक विद्यालयों की जिम्मेदारियां और भी बढ़ जाती हैं। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन का आह्वान किया कि वह शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों का चारित्रिक विकास करें। इससे पूर्व उन्होंने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। बच्चों ने वंदना से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरूआत की। नर्सरी के बच्चों ने राक एंड रोल नृत्य कर तालियां बटोरी। लोक गीतों के अंशों की श्रंखला बनाकर कुमाऊंनी संस्कृति को जीवंत किया। इस दौरान आयोजित लघु नाटकों से भ्रूण हत्या, दहेज हत्या रोकथाम के लिए समाज को संदेश दिया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्या रिद्धि नंदा थामस, राहुल थामस, डी शर्मा, प्रभा अधिकारी, विनीता रावत, अर्चना साह, राहुल तोमर, आशीष नंदा, दिव्या, शरद जैन, राकेश, प्रदीप, मीनाक्षी आदि थे। संचालन सर्वजीत ने किया।
