
अल्मोड़ा। राजकीय जूनियर हाईस्कूल महरागांव काफी लंबे समय से एक शिक्षक के सहारे चल रहा है। विद्यालय में दो शिक्षक तैनात हैं लेकिन एक शिक्षक लंबे समय से नहीं आ रहा है। इससे पठन-पाठन पर असर पड़ रहा है। अभिभावकों ने शिक्षकों की नियुक्ति नहीं होने पर विद्यालय में तालाबंदी करने की चेतावनी दी है।
अभिभावकों ने इस मामले में जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर शिक्षक तैनात करने की मांग की है। अभिभावकों ने बताया कि इस बारे में बीते दिनों भी शिक्षा विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन दिया गया लेकिन आज तक शिक्षक नहीं भेजा गया है। यह जूनियर हाईस्कूल आज भी एक शिक्षक के सहारे चल रहा है। पिछले साल स्कूल में 65 से अधिक बच्चे अध्ययनरत थे। शिक्षक नहीं आने के कारण कई बच्चों को अन्य स्कूलों में प्रवेश लेना पड़ा।
उन्होंने कहा कि यदि विद्यालय में तुरंत शिक्षक की नियुक्ति नहीं की गई तो तालाबंदी कर दी जाएगी। ज्ञापन देने वालों में हरीश सिंह मेहरा, जगदीश पांडे, विनोद सिंह महरा, मोहन सिंह महरा, ललित मोहन बिष्ट, सुरेश बिष्ट, गोकुल महरा, पंकज मेहरा आदि शामिल थे।
