शिक्षक दिए नहीं, स्थानांतरण कर दिया

कंडीसौड़ (टिहरी)। शिक्षा विभाग कब कहां क्या कर दे कहा नहीं जा सकता। ब्लॉक मुख्यालय के कंडीसौड़ इंटर कालेज में भेजा जाना था गणित, अंग्रेजी, भौतिक विज्ञान, हिंदी विषय का प्रवक्ता। लेकिन विभाग ने विद्यालय में कार्यरत एक और जीवविज्ञान के प्रवक्ता का स्थानांतरण कर दिया। शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली से अभिभावक गुस्से में हैं। अभिभावकों ने सीईओ पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि छात्रों के भविष्य से जानबूझकर खिलवाड़ किया जा रहा है।
इंटर कालेज कंडीसौड़ में वर्ष 2008 से गणित, अंग्रेजी, भौतिक विज्ञान, हिंदी के प्रवक्ता नहीं हैं। एलटी में भी दो शिक्षकों के पद खाली हैं। विद्यालय में 2007 से पहले तक छात्र संख्या 700 के लगभग हुआ करती थी। लेकिन शिक्षकों की कमी के चलते अभिभावकों ने बच्चों को दूसरे विद्यालयों में एडमिशन करवा लिया। अब विद्यालय में छात्र संख्या 240 तक सिमटकर रह गई है। अपने बच्चों के बेहतर भविष्य की चिंता करते हुए अभिभावकों ने शिक्षकों की तैनाती को लेकर एक अगस्त को बीईओ कार्यालय में तालाबंदी की थी। मौके पर पहुंचे सीईओ ने तब वरीयता के आधार पर विद्यालय में शिक्षकों की तैनाती का लिखित आश्वासन दिया था। जब स्थानांतरण की बारी आई तो विद्यालय में शिक्षकों की कमी पूरा करने के बजाय यहां तैनात जीवविज्ञान के प्रवक्ता घनश्याम जोशी का स्थानांतरण कांडीखाल विद्यालय में कर दिया गया है। अभिभावक संघ अध्यक्ष सुमेर सिंह पांवार, मान सिंह राणा, ललित खंडूरी, गंभीर सिंह गुसाईं, शैलेंद्र प्रसाद भट्ट, वीरेंद्र खंडूरी, मायाराम लसियाल ने कहा कि शिक्षकों की नियुक्ति की मांग को लेकर फिर से बीईओ कार्यालय में तालाबंदी की जाएगी।

प्रवक्ता विहीन हो गए कालेज
नरेंद्रनगर (टिहरी)। नरेंद्रनगर ब्लॉक के अधिकांश इंटर कालेज अध्यापक विहीन हो गए है। इंटर कालेज में रसायन विज्ञान, भौतिक विज्ञान के प्रवक्ताओं तथा चार एलटी शिक्षकों के पद रिक्त चल रहे हैं। बालिका इंटर कालेज में नागरिकशास्त्र, गणित, हिंदी प्रवक्ता नहीं है। धुआधार इंटर कालेज में राजनीतिशास्त्र, संस्कृत, अंग्रेजी और इतिहास के प्रवक्ताओं के पद रिक्त चल रहे हैं। अभिभावक संघ अध्यक्ष पूरण चंद्र, धनीराम सेमवाल ने बिना प्रतिस्थानी के प्रवक्ताआें के स्थानांतरण को दुर्भाग्यपूर्ण बताया।

स्थानांतरण नीति के तहत शिक्षकों के तबादले हुए है। एक विद्यालय से दूसरे विद्यालयों में स्थानांतरण हुआ है। एलटी के पदों पर पदोन्नति होने पर ही प्रवक्ताओं की कमी दूरी हो सकती है। – वीरेंद्र सिंह रावत सीईओ टिहरी

Related posts