
बलद्वाड़ा (मंडी)। राजकीय केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला समैला से शिक्षक का तबादला किए जाने पर एसएमसी भड़क गई है। एसएमसी के दो बार आग्रह के बावजूद शिक्षक का तबादला न रोकने पर अभिभावकाें ने विभाग के प्रति कड़ा रोष जाहिर किया है। एसएमसी ने शिक्षक का तबादला जल्द रद्द करने की मांग की है। चेताया है कि यदि तबादला रद्द नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा।
शुक्रवार को शिक्षक के तबादले को लेकर स्कूल प्रबंधन समिति की प्रधान मीरा देवी की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें अभिभावकों ने सत्र के बीच शिक्षक का तबादला करने पर कड़ी नाराजगी जताई। एसएमसी सदस्यों ने विरोध जताया कि सत्र के बीच में शिक्षक के तबादले से स्कूल में अध्ययनरत बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होगी। एसएमसी प्रधान मीरा देवी ने कहा कि स्कूल से तबादला किए जेबीटी शिक्षक को स्कूल में आए महज ग्यारह माह ही हुए हैं। एसएमसी ने मुख्यमंत्री, विभागीय निदेशक एवं उपनिदेशक को मार्च तथा अगस्त माह में शिक्षक का तबादला न करने के लिए प्रस्ताव भेजे थे, बावजूद इसके शिक्षक का तबादला किया गया है। एसएमसी का कहना है कि एक तरफ सरकार ने एसएमसी को पावर दे रखी है कि वह विभाग से आग्रह कर किसी भी शिक्षक का तबादला रुकवा सकती है, परंतु एसएमसी की ओर से दो मर्तबा प्रस्ताव भेजने के बावजूद स्कूल से शिक्षक का तबादला किया गया है। एसएमसी ने शुक्रवार को फिर प्रस्ताव भेजे हैं। इस मौके पर एसएमसी सदस्य सरीता देवी, रेखा देवी, देशराज, चंपा देवी, आशा देवी सहित अन्य अभिभावक मौजूद रहे। उधर, उपनिदेशक कार्यालय मंडी से अधीक्षक हेमा हांडा ने बताया कि एसएमसी प्रस्ताव का फैक्स भेज दे। इस बारे में डिप्टी डायरेक्टर ही कुछ बता पाएंगे। अभी विभागीय काम के सिलसिले में कार्यालय से बाहर हैं।
