शिक्षकों ने की सीईओ दफ्तर में तालाबंदी

पिथौरागढ़। प्राथमिक शिक्षकों की पदोन्नति, सर्व शिक्षा अभियान के तहत संचालित स्कूलों के शिक्षकों को समय पर वेतन देने समेत तमाम मांगों को लेकर प्राथमिक शिक्षक संघ ने शनिवार को मुख्य शिक्षाधिकारी कार्यालय में तालाबंदी करने के साथ ही प्रदर्शन किया।
प्राथमिक शिक्षक संघ की जिलाध्यक्ष निर्मल महर के नेतृत्व में सीईओ कार्यालय पहुंचे शिक्षकों ने जोरदार नारेबाजी के बीच कार्यालय में ताले डाल दिए। संघ की जिलाध्यक्ष महर का कहना था कि अधिकारियों की नाकामी के कारण शिक्षक परेशान हो रहे हैं। प्राथमिक स्कूलों के सहायक अध्यापक की प्रधानाध्यापक और प्रधानाध्यापक की जूनियर हाईस्कूल के शिक्षक के पद पर पदोन्नति के मामलों को लटकाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक मांगों पर ्मल नहीं होता है, मुख्य शिक्षाधिकारी कार्यालय की तालाबंदी जारी रहेगी।
संघ के जिला महामंत्री करन सामंत ने कहा कि यदि अधिकारी होश में नहीं आए तो आंदोलन तेज किया जाएगा। सभा को प्रांतीय संरक्षक गिरधर सिंह बिष्ट, कोषाध्यक्ष प्यारे लाल चौधरी, मेहरबान सिंह, डोबाल, महिमन जोशी, देवेंद्र बिष्ट, ललित कोहली, जगत कठायत, धन नाथ, नर सिंह सौन, हिमांशु जोशी, सरिता पंत ने विचार रखे।

Related posts