शिक्षकों को 4-9-14 देने की तैयारी

शिमला। हिमाचल प्रदेश उच्च शिक्षा विभाग ने शिक्षकों को 4-9-14 का टाइम स्केल देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उच्च शिक्षा विभाग ने सभी जिला के निदेशकों को शिक्षकों और प्रिंसिपलों की एसीआर भेजने के निर्देश दिए हैं। इसकी जिले से संयुक्त रिपोर्ट तैयार कर उपनिदेशकों को आगामी पांच दिनों में निदेशालय भेजनी होगी। इसमें प्रिंसिपलों की एसीआर को भेजना अनिवार्य होगा। विभाग में लंबे समय से शिक्षकों को मिलने वाले टाइम स्केल में हो रही देरी मुद्दा बना है। हजारों शिक्षक विभाग की सुस्ती को लेकर खासे नाराज हैं। विभाग से इस काम को जिला स्तर पर सौंपने की मांग की जा रही है, लेकिन अभी तक निदेशालय ने इसे अपने पास ही रखा है। ऐसे में गैर शिक्षक स्टाफ की कमी के चलते विभाग को लगभग 70 हजार शिक्षकों की एसीआर जुटाने और इन्हें टाइम स्केल का लाभ देने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हिमाचल प्रदेश टीजीटी कला संकाय के अध्यक्ष राकेश कानूनगो और हिमाचल राजकीय अध्यापक संघ के अध्यक्ष पीसी कपूर ने निदेशालय और राज्य सरकार से मांग की है कि इस काम को शीघ्र ही जिला स्तर पर निपटाने के निर्देश सरकार की ओर से जारी किए जाने चाहिए। वित्तीय लाभों के मिलने में हो रही देरी से आम शिक्षकों में खासा रोष है।

Related posts