शिक्षकों को बताई संसदीय कार्यप्रणाली

शिमला। संसदीय कार्य मंत्रालय भारत सरकार और केंद्रीय विद्यालय संगठन नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में केवी जतोग में आयोजित दो दिवसीय ओरिएंटेशन प्रोग्राम के दूसरे दिन केवीएस के छह क्षेत्रों से जुटे केवी के प्रधानाचार्य और शिक्षकों को संसदीय कार्यप्रणाली की जानकारी और प्रशिक्षण दिया गया। संसदीय कार्य मंत्रालय की ओर से आए उप सचिव आरसी मोहंती ने दो दिन में प्रतिभागियों को संसद में अध्यक्ष सहित पक्ष-विपक्ष के साथ बैठने की व्यवस्था से लेकर वहां उठाए जाने वाले मुद्दों आदि के बारे बताया। उन्होंने पिछले वर्ष की युवा सांसद प्रतियोगिता के अंतिम मुकाबले की संसद में की गई रिकार्डिंग की डीवीडी दिखाई। उन्होंने शिक्षकों को सांसद बनाकर उन्हें इन कमियों को दूर करने के लिए कहा। ओरिएंटेशन प्रोग्राम में सभी प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। इस दौरान शिक्षा, रोजगार, आतंकवाद सहित चुनिंदा मुद्दों पर चर्चा करवाई गई। बताया गया कि किस तरह से बिल कानून का रूप लेता है। कार्यक्रम का मूल उद्देश्य केवी के शिक्षकों को क्षेत्र और राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली युवा सांसद प्रतियोगिता के लिए छात्रों की टीम के चयन से लेकर उन्हें प्रतियोगिता के लिए तैयार करवाने की प्रक्रिया को सिखाना था। कार्यक्रम में 72 प्रतिभागियों में केवी के प्रधानाचार्य, डिप्टी कमिश्नर और शिक्षकों ने भाग लिया। अंत में आरसी मोहंती ने सभी को प्रमाण पत्र वितरित किए। मेजबान केवी जतोग के प्रधानाचार्य संजीत कुमार ने मंत्रालय से आए उप सचिव आरसी मोहंती सहित उनकी पूरी टीम का आभार जताया। प्रतिभागियों में सहायक आयुक्त अंजना हजारिका, एसी दिल्ली एसएस चौहान, देहरादून एसी संध्या श्रीवास्तव, लखनऊ एसी एमके कुलश्रेष्ट सहित डीएस नेगी देहरादून, एचके निर्मल अंबाला-4, कर्मवीर सिंह दिल्ली आदि ने भाग लिया।

Related posts