शिक्षकों को दी आपदा प्रबंधन की जानकारी

लोहाघाट। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) ने जिला शिक्षा प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में प्रशिक्षण ले रहे शिक्षकों को आपदा से बचाव की जानकारियां दी। एनडीआरएफ के इंस्पेक्टर राम पाल सिंह ने केदारनाथ, रामबाड़ा आदि क्षेत्रों में दैवीय आपदा से हुई विभीषिका और उसके बाद चलाए गए राहत अभियान के अपने अनुभव बांटे। कहा कि इस त्रासदी ने सभी को भविष्य के बारे में सोचने के लिए मजबूर कर दिया है। हर व्यक्ति के लिए आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण लेना अनिवार्य सा हो गया है। क्योंकि आपदा की परिस्थितियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। प्रशिक्षित व्यक्ति भले ही वह आपदा को टाल न सके लेकिन आपदा की स्थिति में स्वयं को बचाने के साथ वह दूसरों की भी मदद कर सकता है। साथ ही रस्सी से पुल बनाना, प्रभावित व्यक्तियों को नदी पार कराने के अलावा एंगल कटर, चेन आदि उपकरणों की हैंडलिंग भी बताई। इस प्रदर्शन में एसआई राजीव कुमार के अलावा रूपेश कुमार, विपिन कुमार, पीतांबर, विनोद कुमार आदि थे। प्राचार्य टीसी सती, डा. एमपी जोशी, एसपी मिश्रा, डा. एनसी जोशी, एके श्रीवास्तव, नवीन ओली, नवीन उपाध्याय, एके शर्मा, जीडी भट्ट आदि ने एनडीआरएफ के प्रशिक्षकों का आभार व्यक्त किया।

Related posts