
पौड़ी। राजकीय शिक्षक संघ के थलीसैण ब्लाक के पदाधिकारियों की बैठक में शासन पर विद्यालयों में शिक्षकों के सृजित पदों को कम करने का आरोप लगाया। इस मौके पर शासन से प्रत्येक कक्षा में छात्रों और शिक्षक के अनुपात को 1/30 करने की मांग उठाई गई।
राजकीय इंटर कालेज त्रिपालीसैण में आयोजित बैठक में जनपदीय प्रवक्ता सीपी शर्मा ने कहा कि शासन ने शिक्षकों की बीस सूत्रीय मांगों को शीघ्र पूरा करने की सहमति जताई थी, लेकिन अभी तक किसी एक भी मांग पर राजाज्ञा जारी नहीं हो पाई है। बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि विभाग और शासन की ओर से स्कूलों में प्रत्येक कक्षा में छात्र और शिक्षक के अनुपात को 1/60 कर शिक्षकों के सृजित पदों को समाप्त करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कहा गया कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत शिक्षकों को विद्यालयों में दो घंटे से अधिक रोकना भी पर्वतीय राज्य के अनुकूल नहीं है। संयुक्त जिला मंत्री पूरण सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में ब्लाक अध्यक्ष राम कुमार, अनूप सिंह, संतोष रावत, पंकज नेगी, शेखर रावत, पुष्पेंद्र मेहरा, रवींद्र सावंत आदि ने विचार रखे। संचालन मनोज रावत ने किया।
