शिक्षकों के लिए फिर अनशन करेंगे अभिभावक

रानीखेत। राजकीय इंटर कालेज जैनोली में प्रवक्ताओं और एलटी शिक्षकों के रिक्त पदों पर नियुक्ति नहीं होने से अभिभावक संघ में आक्रोश है। अभिभावक संघ का कहना है कि विभागीय अधिकारियों ने 30 जून तक शिक्षक भेजने का झूठा आश्वासन देकर पूर्व में उनका आमरण अनशन तोड़ा था। संघ ने अब 15 जुलाई से पुन: अनशन करने की चेतावनी दी है।
जीआईसी जैनोली में शिक्षकों के रिक्त पद भरने के लिए अभिभावक संघ अध्यक्ष कृपाल आर्या ने एक मई से आमरण अनशन किया। छह मई को शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने 30 जून तक विद्यालय में अंग्रेजी शिक्षक और विज्ञान प्रवक्ता की नियुक्ति करने का आश्वासन दिया, लेकिन निर्धारित तिथि तक भी विद्यालय में शिक्षक नहीं पहुंचे हैं। विभागीय अधिकारियों ने झूठे आश्वासनों के माध्यम से उन्हें छला है। उन्होंने बताया कि एक जुलाई से पुन: आमरण अनशन पर बैठना था, लेकिन राज्य में आई आपदा के कारण अब ग्रामीणों के सहयोग से 15 जुलाई से आंदोलन शुरू होगा। आठ जुलाई को इस बारे जैनोली में आम बैठक होगी। जिसमें आंदोलन की अग्रिम रणनीति तय होगी।

Related posts