शिक्षकों के दबाव में हटाए गए गरुड़ के उप शिक्षा अधिकारी

बागेश्वर। गरुड़ के उप शिक्षा अधिकारी के खिलाफ प्राथमिक शिक्षकों ने मंगलवार को दूसरे दिन भी जिला शिक्षा कार्यालय में तालाबंदी की। बाद में मुख्य शिक्षा अधिकारी ने उप शिक्षा अधिकारी का दायित्व उप खंड शिक्षा अधिकारी चंपा आर्या को सौंप दिया। इसके बाद शिक्षक शांत हुए।
जिले के प्राथमिक शिक्षक बुधवार से यहां मुख्य शिक्षा अधिकारी के कार्यालय पर आंदोलनरत थे। आज भी यहां धरना दिया गया। शिक्षकों का कहना था कि गरुड़ के उप शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत मनमानी कर रहे हैं। शिक्षकों की सहमति के बगैर ही उनका वेतन काट दिया गया। इससे पहले भी उन्होंने आपदा राहत के नाम पर वेतन से कटौती की। शिक्षक उन्हें हटाने की मांग कर रहे थे। दबाव के चलते मुख्य शिक्षा अधिकारी आरपी आर्या ने श्री सारस्वत के स्थान पर गरुड़ की उप खंड शिक्षा अधिकारी चंपा आर्या को उप शिक्षा अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपने के आदेश दिए। इसके बाद ही शिक्षकों ने आंदोलन खत्म किया। सभा की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष मंगल सिंह बिष्ट तथा संचालन बलवंत कालाकोटी ने किया। पूरे कार्यक्रम में प्रताप कबडोला, हेम पांडे, तरूण पंत, भुवन ममगई, विक्रम पिलख्वाल, बसंती हरड़िया आदि मौजूद थे।

Related posts