
भगेड़ (बिलासपुर)। जिला की ग्राम पंचायत बैरी के प्राइमरी स्कूल छटोल-जट्टां में एक साथ दो शिक्षकों के तबादले पर ग्रामीण भड़क उठे हैं। अपने बच्चों के भविष्य की चिंता जाहिर करते हुए अभिभावकों ने स्कूल में पहुंचकर आज जोरदार प्रदर्शन किया। बच्चों को साथ लेकर शिक्षा विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई। इससे माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया। अभिभावकों ने ऐलान किया है कि जब तक तबादले रद नहीं होते तब तक बच्चों को स्कूल नहीं भेजा जाएगा। अभिभावकों ने चक्का जाम की भी चेतावनी दी है।
ग्रामीणों का कहना है कि बिना वजह से हुए इस तबादले से बच्चों की पढ़ाई पर विपरीत असर पड़ा है। स्कूल में तैनात संतोष धीमान और भगवती ठाकुर को एक साथ यहां से दूसरे स्कूल को भेज दिया है। इसे राजनीतिक द्वेष के तहत की गई कार्रवाई करार देते हुए तबादला रद करने की मांग की है। दर्जनों अभिभावकों ने स्कूल के परिसर पहुंचकर आज हल्ला बोल दिया। शिक्षा विभाग के खिलाफ घंटों तक नारेबाजी करते हुए ग्रामीणों ने माहौल गरमा दिया। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों शिक्षिकाओं के इस स्कूल में रहते हुए बेहतर पढ़ाई चल रही थी। इनके तबादले पर तुरंत रोक लगाई जाए। स्कूल प्रबंधन समिति की अध्यक्षा निशा देवी, प्रोमिला देवी, पुष्पा देवी, विद्या देवी, कमला देवी, आशा देवी, मीना कुमारी, सुनीता, सपना, कांता, दुर्गी, सुमन, सपना, अंजना, कुंता, जय देई, रत्नी ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द शिक्षकों का तबादला नहीं रोका तो वह चक्का जाम करने के लिए विवश होंगे। अभिभावकों ने यह भी चेतावनी दी है कि प्रशासन नहीं माना तो वह अपने बच्चों को दूसरे स्कूल में भेज देंगे। जब तक तबादले पर रोक नहीं हटाई गई तब तकि बच्चे भी स्कूल नहीं जाएंगे।
