
खटीमा। उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के सदस्यों ने उपजिलाधिकारी हेमंत कुमार वर्मा के माध्यम से विद्यालयी सचिव शिक्षा को ज्ञापन भेजकर उच्चीकृत राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत बेसिक संवर्ग के शिक्षकों अन्यत्र समायोजन की प्रक्रिया पर कड़ा विरोध जताया।
एसडीएम वर्मा को सौंपे ज्ञापन में शिक्षकों ने कहा कि राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा योजना के अंतर्गत जनपद में कई विद्यालयों का उच्चीकरण किया गया है। उच्चीकृत राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत बेसिक संवर्ग के शिक्षकों के अन्यत्र समायोजन की प्रक्रिया जारी है। यदि उच्चीकृत जूनियर हाईस्कूल से बेसिक शिक्षकों को हटाया जाता है तो प्राथमिक के सहायक अध्यापकों की पदोन्नति के सारे रास्ते बंद हो जाएंगे। आरटीई के मानकों के अनुसार प्राथमिक में प्रधानाध्यापक के पदों पर पदोन्नति के रास्ते पहले ही बंद हो चुके हैं अब उच्चीकृत जूनियर हाईस्कूल से भी बेसिक के शिक्षकों को हटाया जाता है तो पदोन्नति के सारे रास्ते बंद हो जाएंगे। प्राथमिक विद्यालयों के सहायक अध्यापक पूरे सेवाकाल में पदोन्नति से वंचित हो जाएगा और सहायक अध्यापक के पद से ही सेवानिवृत्त हो जाएगा। शिक्षकों ने समायोजन की उक्त प्रक्रिया शीघ्र निरस्त करने की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में सोबरन सिंह राणा, अरविंद गोस्वामी, दलीप सिंह ज्याला, विक्की सिंह, हरीश जोशी, भुवन उप्रेती, कृपाल सिंह, जगदीश चंद्र उप्रेती, महेश रौतेला, रमेश रावत आदि थे।
