
शिमला। शिक्षकों की समस्याओं को सुलझाने के लिए शिक्षा विभाग 25 और 26 अप्रैल को खुले दरबार का आयोजन करेगा। इस दरबार में रोहड़ू और रामपुर क्षेत्र के आठ ब्लाकों के शिक्षक अपनी समस्याओं का समाधान करवा सकते हैं। दरबार में शिक्षक वेतन संबंधी समस्या, वरिष्ठता सूची में दिक्कत जैसी समस्याओं का समाधान मौके पर ही करवा सकेंगे। दरबार लगाने वाली टीम में उप निदेशक के साथ एसओ नरेंद्र शर्मा और पे फिक्सेशन के डीलिंग हैंड शिशुपाल भी साथ होंगे। उप निदेशक एलीमेंटरी टीएस वर्मा ने बताया कि दरबार में प्राइमरी से एलीमेंटरी स्तर के सभी शिक्षक अपनी समस्याओं को लेकर पहुंच सकते हैं। जेबीटी, टीजीटी, शास्त्री, सीएंडवी के साथ ही गैर शिक्षक भी अपनी समस्या रख सकते हैं।
24 अप्रैल को रोहड़ू में उप निदेशक सभी बीस ब्लाकों के बीईईओ के साथ मासिक समीक्षा बैठक करेंगे। 25 अप्रैल को रोहड़ूू रेस्ट हाउस में जुब्बल, रोहड़ू, छौहारा और टिक्कर ब्लाक के शिक्षकों के लिए सुबह नौ से शाम तीन बजे खुले दरबार का आयोजन किया जाएगा। 26 अप्रैल को रामपुर ब्वॉयज स्कूल में सराहन, कुमारसैन, रामपुर और ननखड़ी के शिक्षकों के लिए दरबार लगाया जाएगा। उल्लेखनीय है कि विभाग की इस पहल का लाभ जिला के 2262 प्राइमरी और मिडल स्कूल के शिक्षकों को मिलेगा।
—-
आरटीई, आरटीआई की देंगे जानकारी
शिमला। उप निदेशक बीईईओ और शिक्षकों को शिक्षा का अधिकार, सूचना का अधिकार के साथ ही विभाग की हर योजना के बारे में जानकारी और प्रशिक्षण देंगे। वहीं, अकाउंट तैयार करने को लेकर भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। उप निदेशक टीसी वर्मा ने कहा कि शिक्षक दरबार में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इसका लाभ उठाएं।
