
पिथौरागढ़। राजकीय हाईस्कूल जमतड़ी कूटा में शिक्षको की नियुक्ति करने की मांग को लेकर अभिभावकों ने जिला मुख्यालय में प्रदर्शन कर मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ) को ज्ञापन दिया। इस दिशा में उचित कार्यवाही नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
जमतड़ी की ग्राम प्रधान चंद्रा देवी के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पहुंचने अभिभावकों ने बताया कि शासन ने 2011 में विद्यालय को उच्चीकृत किया था। यहां अध्ययनत छात्र-छात्राओं की संख्या 75 है। उसके बाद भी हाईस्कूल में एक और जूनियर में दो ही शिक्षक तैनात है। इस वजह से पठन-पाठन बाधित हो रहा है। बताया कि विद्यालय में जमतड़ी, कूटा और बाजार गांव के लोग निर्भर है। यहां शिक्षकों को तैनात करने की मांग को लेकर कई बार जिला प्रशासन से गुहार लगाई जा चुकी है उसके बाद भी इस दिशा में कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है। ग्रामीणों 15 दिन के भीतर विद्यालय में शिक्षकों की तैनाती नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। प्रदर्शन करने वालों में महिमन कन्याल, भूपेंद्र राम, हिम्मत सिंह, हर सिंह, भूपेंद्र बिष्ट, दान सिंह, सोबन सिंह, केशर राम आदि शामिल थे। सीईओ वीके टम्टा ने ग्रामीणों को उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया है।
