
कपकोट। कपकोट ब्लाक के सुदूरवर्ती कनलगढ़ घाटी का एकमात्र जीआईसी कन्यालीकोट लंबे समय से शिक्षकों की कमी का दंश झेल रहा है। शिक्षक नहीं होने से यहां अध्ययनरत 40 छात्र-छात्राओं का भविष्य अंधकारमय बना हुआ है। विद्यालय में शौचालय नहीं होने से छात्राओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अभिभावक शिक्षक संघ सहित ग्रामीणों ने विभाग से शिक्षकों की तैनाती करने की मांग की है।
सीईओ को सौंपे ज्ञापन में कहा गया कि विद्यालय में प्रधानाचार्य, प्रवक्ता अंग्रेजी, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान भौतिक विज्ञान, एलटी में विज्ञान, हिंदी, मुख्य सहायक और दफ्तरी के पद विद्यालय की स्थापना से रिक्त चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह विद्यालय क्षेत्र का एकमात्र इंटर कालेज है। यहां 400 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। शिक्षक नहीं होने से उन्हें विज्ञान वर्ग की शिक्षा नहीं मिल पा रही है। क्षेत्र में गरीबी भी अधिक है। जिस कारण लोग अपने पाल्यों को अन्यत्र भी नहीं भेज सकते हैं। इसके अलावा विद्यालय में शौचालय का निर्माण आज तक नहीं हो सका है। शौचालय नहीं होने से यहां पढ़ी रही छात्राओं को खासी परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने शिक्षकों की तैनाती करने और शौचालय निर्माण करने की मांग की है। मांग करने वालों में शिक्षक अभिभावक संघ के अध्यक्ष पद्म राम, एसएमसी अध्यक्ष पूरन सिंह गड़िया आदि शामिल हैं। इधर, सीईओ आरपी आर्या ने बताया कि जिले में प्रवक्ता और एलटी के करीब चार सौ पद खाली हैं। जिसकी जानकारी शासन को भेजी गई है।
