शिकायत की है अब झेलो मुश्किल

सोलन। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में रोगियों के इलाज की गारंटी नहीं। यहां फैली कुव्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाने वालों को तंग किया जाता है। यहां तक की आपरेशन की डेट देने तक में हीलाहवाली होती है। कुछ ऐसी परेशानी झेल रहे हैं 70 वर्षीय बुजुर्ग रामदास शर्मा।
13 अगस्त को सोलन में आंखों के आपरेशन के दौरान एक बड़ी तकनीकी खराबी सामने आई। माइक्रोस्कोप खराब होने से आपरेशन स्थगित करने पड़े। यहां तक की कुछ मरीजों को बेहोशी की दवा की डोज तक दे डाली थी। ‘अमर उजाला’ ने रोगियों की परेशानी प्रमुखता से प्रबंधन तक पहुंचाई।
चौंकाने वाली बात यह थी कि आपरेशन के चंद मिनट पहले यह मशीन खराब हुई थी। प्रभावितों का कहना था कि अगर आपरेशन के दौरान मशीन खराब होती तो आंखों की रोशनी तक जा सकती थी। मशीन खराब होने का तर्क देकर मरीजों को छुट्टी कर दी गई। कहा गया कि जब मशीन ठीक होगी तभी आपरेशन होंगे। फोन पर संपर्क करते रहना।
सोमवार को मशीन ठीक हुई और सबसे अधिक प्रभावितों के आपरेशन की तिथि देने में ही आनाकानी की जा रही है। यहां तक दावा है कि शिकायत करने वालों को तंग किया जा रहा है। रविंद्र शर्मा ने बताया कि उनके पिता का आपरेशन होना था। 13 को बेहोशी की दवा के बीच मशीन खराब हो गई। आपरेशन स्थगित हुए। अब आपरेशन की तिथि नहीं दी जा रही है। प्रबंधन का रिस्पांस निराशाजनक लग रहा है। उनके पिता मुश्किल में हैं।

मेरे जिम्मे नहीं व्यवस्था : डा. उदित
एमओएच डा. उदित ने कहा कि इस संबंध में सीएमओ या एमएस ही कुछ बता सकते हैं। क्षेत्रीय अस्पताल में यह व्यवस्था मेरे जिम्मे नहीं है। उनसे बात करना उचित होगा। सीएमओ के साथ संपर्क करना चाहा तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।

मशीन की गारंटी नहीं : एमएस
चिकित्सा अधीक्षक डा. यशवंत कुमार ने कहा कि आपरेशन संबंधी शिकायत फोन के माध्यम से उन्हें मिली है। माइक्रोस्कोप मशीन सोमवार को ठीक करवाई गई है लेकिन यह मशीन आपरेशन करने में सक्षम है भी या नहीं इसकी गारंटी नहीं। लिहाजा मंगलवार को बेहद कम रोगियों को बुलाया गया है। दूसरी समस्या रक्षा बंधन की है। महिला स्टाफ छुट्टी पर होने के कारण आपरेशन कम होंगे। शिकायतकर्ता का नंबर भी आ जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग ने ऐसा नहीं चलेगा : कौल सिंह
स्वास्थ्य मंत्री ठाकुर कौल सिंह से जब बात की गई तो उन्होंने कहा कि इस बारे में कड़ा संज्ञान लिया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग में ऐसा हरगिज नहीं चलेगा। रोगियों को परेशानी न होने इसके लिए सोलन में व्यवस्था की जाएगी। अफसरों से इस संबंध में जवाब तलब होगा।

Related posts