शारदीय नवरात्र के लिए मंदिरों में तैयारी पूरी

मंडी। छोटी काशी के नाम से प्रसिद्ध मंडी शहर के अलावा जिले के प्रसिद्ध माता के मंदिरों में शारदीय नवरात्र पर दर्शन के लिए उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और मंदिर कमेटियों ने पुख्ता प्रबंध किए हैं। नवरात्र के उपलक्ष्य पर मंदिरों में हवन और पाठ के साथ भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। माता के मंदिरों को विशेष रूप से सजाया गया है। अधिकतर मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा कमेटियों ने संभाल रखा है। इस बार पांच अक्तूबर से शारदीय नवरात्र शुरू हो रहे हैं। नौ दिन तक व्रत रख कर लोग मां दुर्गा से सुख समृद्धि की कामना करते हैं। जिला के प्राचीन और प्रसिद्ध मंदिर शिकारी माता, कामाक्षा मंदिर करसोग, नैणा माता मंदिर रिवालसर, हनोगी माता मंदिर पंडोह, हाटेश्वरी मंदिर हटगढ़, शारदा माता (सिमसा) मंदिर लडभड़ोल के अलावा मंडी शहर के प्रसिद्ध श्यामाकाली मंदिर टारना, भीमाकाली मंदिर भ्यूली, शीतला माता मंदिर पुरानी मंडी तथा अन्य मंदिरों में नवरात्र पर दर्शन के लिए श्रद्धालु आते हैं। मंदिरों में दर्शन करने के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए मंदिर कमेटी ने व्यवस्था की है। भीड़ बढ़ने पर पुलिस व होमगार्ड के जवान भी तैनात रहेंगे।
संतान दायनी माता सिमसा मंदिर में नवरात्र में भारी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। इस बार भी युवक मंडल सिमस बाहरी क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा के लिए चौबीस घंटे तत्पर रहेगा। युवक मंडल प्रधान रमेश जसवाल ने बताया कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए युवक मंडल पूरा सहयोग करेगा। प्रधान सुलोचना देवी ने बताया कि सफाई व्यवस्था पंचायत की ओर से रहेगी। मंदिर कमेटी के प्रधान रंगीला राम राय ने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए मुफ्त लंगर की व्यवस्था की गई। तहसीलदार विद्याधर नेगी ने बताया कि मंदिर को जाने वाली सड़क को ठीक करने के लिए लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए गए हैं। कामाक्षा मंदिर कमेटी के प्रधान प्रेम दास ने बताया कि अष्टमी और नवमी के दिन विशेष मेला होगा। मंदिर में नवरात्र में हवन और पाठ होगा। हाटेश्वरी मंदिर कमेटी के महासचिव सोहन सिंह ठाकुर ने बताया कि नवरात्र के लिए कमेटी की ओर से पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।

Related posts