शारदा से नेपाल के भुजेला गांव को खतरा

बनबसा। शारदा की चपेट में आने से भारत-नेपाल सीमा का एक सीमा स्तंभ बह गया है। नेपाल के भुजेला गांव में भी शारदा ने जमकर तबाही मचाई है। शारदा से पूरा गांव खतरे के मुहाने में आ गया है। एक स्कूल समेत दर्जन भर पक्के और कच्चे मकान ध्वस्त हुए है। नेपाल का प्रशासन राहत में जुटा है। नेपाल के प्रधानमंत्री खिलराज रैग्मी ने हवाई सर्वे कर आपदा का जायजा लिया।
18 जून की रात उफनाई शारदा ने बनबसा बैराज के दक्षिण-पूर्व पर स्थित नेपाल के भुजेला गांव में भारी तबाही मचाई। भारत-नेपाल सीमा को दर्शाने वाले सीमा स्तंभ संख्या 805/8ए शारदा की भेंट चढ़ गया। नेपाल के भुजेला गांव में काफी नुकसान हुआ है। एक स्कूल के भवन का आधा हिस्सा तथा एक दर्जन से अधिक पक्के और कच्चे मकान धराशायी हुए हैं। नेपाल के सीमांत कंचनपुर जिले में आई आपदा का जायजा लेने आए नेपाल के प्रधानमंत्री खिलराज रैग्मी ने भुजेला गांव का हवाई सर्वे कर स्थिति का जायजा लिया। वहां के प्रमुख जिलाधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री ने गत दिवस हवाई सर्वेक्षण कर बचाव और राहत कार्य तेज करने को कहा है। उन्होंने बताया कि शारदा का पानी करीब 25 मीटर अंदर गांव तक घुसा है।

Related posts