
टनकपुर। गंगा बाढ़ नियंत्रण आयोग और विशेषज्ञों की टीम शारदा नदी से हो रही तबाही के अध्ययन के लिए सोमवार को टनकपुर आएगी, जो सर्वे कर रिपोर्ट केंद्र सरकार को सौंपेगी।
दर्जा कैबिनेट मंत्री क्षेत्रीय विधायक हेमेश खर्कवाल ने पत्रकारों से वार्ता में कहा कि क्षेत्र में शारदा नदी से हो रही तबाही को लेकर प्रदेश सरकार ही नहीं केंद्र सरकार भी गंभीर है। फौरी तौर पर बचाव के कारगर कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने विपक्षी दलों की बयानबाजी की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि आपदा के वक्त सहयोग के बजाय विपक्षी दलों के लोग अनर्गल बयानबाजी कर बचाव कार्य को बाधित करने का प्रयास कर रहे हैं। दर्जा मंत्री ने बताया कि केंद्रीय जल संसाधन मंत्री हरीश रावत के निर्देश पर गंगा बाढ़ नियंत्रण आयोग के अध्यक्ष के नेतृत्व में केंद्रीय अधिकारियों और विशेषज्ञों का दल शारदा से आपदा का जायजा लेने आ रहा है। उन्होंने बताया कि यह दल बूम से लेकर शारदा घाट तक नदी के रुख में बदलाव के कारणों और क्षति का अध्ययन और आंकलन कर सुरक्षा के उपायों बावत केंद्र सरकार को अपनी रिपोर्ट देगा।
