
टनकपुर। उफनाई शारदा आबादी की ओर लगातार कटाव कर रही है। हनुमानगढ़ी क्षेत्र के करीब नौ मकान अतिसंवेदनशील दायरे में आ गए हैं। उचौलीागोठ गांव के दो भवन भी तेजी से हो रहे कटाव की जद में आ रहे हैं। इधर प्रशासन ने रेड अलर्ट घोषित कर नगर पालिका प्रशासन को समूची शारदा चुंगी कालोनी खाली कराने के आदेश जारी किए हैं।
शहर की शारदा चुंगी कालोनी और हनुमानगढ़ी क्षेत्र में उफनाई शारदा नदी जबरदस्त कहर बरपा रही है। आबादी की ओर रुख कर चुकी शारदा कई परिवारों की सिर से छत छीन चुकी है। बचाव कार्य के साथ ही नदी लगातार कटाव कालोनी और हनुमानढ़ी क्षेत्र की ओर कटाव कर रही है। सिंचाई विभाग के इंजीनियरों की टीम की देखरेख में वायर क्रेट्स लगाने का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। बढ़ते खतरे को देखते हुए प्रशासन ने नगर पालिका को समूची शारदा चुंगी कालोनी के मकानों को खाली कराने का आदेश जारी किया। जिसके बाद पालिका प्रशासन ने मकान खाली कराने की कवायद में जुट गया है। नायब तहसीलदार ख्याली राम ने बताया कि कटाव से हनुमानगढ़ी क्षेत्र के नौ मकान संवेदनशीलता के दायरे में आ गए हैं।
