शारदा उफान पर, बनबसा बैराज में फिर रेड अलर्ट

टनकपुर/बनबसा। बारिश से शारदा फिर उफान पर आ गई है। जलस्तर एक लाख क्यूसेक से अधिक पहुंचने पर बुधवार रात आठ बजे से बनबसा बैराज में रेड अलर्ट घोषित है। जिसके चलते भारत-नेपाल के बीच वाहनों का संचालन बंद है।
बरसात में शारदा का जलस्तर भी घटता बढ़ता रहता है। पर्वतीय क्षेत्र में बारिश होने पर नदी उफान पर आ जाती है। पर्वतीय क्षेत्र में हुई बारिश से बुधवार की रात नदी का जलस्तर बढ़कर एक लाख क्यूसेक पहुंच गया था। बनबसा बैराज कंट्रोल रूम के कर्मचारी अशोक कुमार ने बताया कि रात के वक्त जलस्तर 1 लाख 29 हजार 505 क्यूसेक तक पहुंचा। जल स्तर एक लाख क्यूसेक पार करते ही बनबसा बैराज में रेड अलर्ट घोषित कर दिया गया। जिस कारण सुबह छह से सात बजे और दोपहर बारह से दो बजे तक वाहनों के लिए खुलने वाला गेट बंद रखा गया।

Related posts