शानन परियोजना के कर्मियों की हड़ताल

बरोट (मंडी)। शानन जलविद्युत परियोजना के बरोट सब डिवीजन के कर्मचारियों ने मांगों को लेकर दो दिवसीय सांकेतिक हड़ताल शुरू कर दी है। मंगलवार को कर्मचारियों ने रैली निकाल कर पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कर्मचारी यूनियन का कहना कि पंजाब सरकार और विद्युत बोर्ड मानी गई मांगों को लागू नहीं कर रहा है। जिससे कर्मचारियों को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ा है।
पंजाब टेक्नीकल सर्विस ज्वाइंट एक्शन यूनियन के आह्वान पर बरोट सब डिवीजन के कर्मचारी भी दो दिन की हड़ताल पर चले गए। मंगलवार सुबह कर्मचारी यूनियन के प्रधान हरि गोपाल की अगुवाई में कर्मचारियों ने बरोट बाजार, लक्कड़ बाजार, वैराज गेट तक रैली निकाल कर मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया। यूनियन के प्रधान हरि गोपाल ने कहा कि एक दिसंबर 2011 को पंजाब सरकार विद्युत बोर्ड ने कर्मचारियों की मांगें मान ली थीं, लेकिन आज तक इसे लागू नहीं किया है। कर्मचारियों को पे बैंड, ग्रेड पे में बढ़ोतरी तथा पंजाब कर्मचारियों की तर्ज पर बिजली बोर्ड के कर्मियों को भत्ता दिया जाए। इस मौके पर मंडल सचिव भगत राम, उप सचिव मेला राम, कोषाध्यक्ष राधेश्याम, उप प्रधान मनोहर आदि कर्मचारी मौजूद थे। बरोट सब डिवीजन में कार्यरत एसडीओ प्रेम लाल ने कहा कि कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शांति व्यवस्था के लिए बोर्ड की ओर से जगह-जगह पर सुरक्षा गार्ड तैनात किए गए हैं। बरोट से शानन परियोजना के लिए पानी सुचारु रूप से जा रहा है।

Related posts