शादी समारोह में देर रात डीजे बजाना पड़ा महंगा

सरकाघाट (मंडी)। उच्च न्यायालय के आदेशाें की अवहेलना कर देर रात तक डीजे बजाना एक परिवार को महंगा पड़ गया। मौका भले ही शादी समारोह का था, लेकिन जब तंग आकर लोगाें ने इसकी शिकायत की तो देर रात ही प्रशासन ने डीजे को जब्त कर लिया। शिकायत पर एसडीएम सरकाघाट ने कार्रवाई अमल में लाते हुए डीजे को कब्जे में लिया। ।
जानकारी के अनुसार उपमंडल सरकाघाट के पपलोग गांव में शादी समारोह था। जहां रात 11 बजे तक एक तरफ डीजे बेधड़क बज रहा था तो नाचने वालाें की सीटियां और हल्ला भी परेशानी पैदा कर रहा था। डीजे के शोर से तंग आकर गांव के एक व्यक्ति ने इसकी प्रशासन से शिकायत कर दी। जिसके बाद एसडीएम के आदेश पर डीजे का तुरंत सारा सामान जब्त कर लिया गया। उच्च न्यायालय के आदेशानुसार किसी भी समारोह एवं आयोजन के बावजूद रात 10 बजे के बाद ऊंचे शोर में डीजे आदि बजाने की मनाही है। लेकिन, ग्रामीण स्तर पर उच्च न्यायालय के आदेशाें की उल्लंघना की जा रही है। पुष्टि करते हुए एसडीएम सरकाघाट रोहित राठौर ने कहा कि नियमाें से खिलवाड़ पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। डीजे का सामान पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। कानून की अवहेलना करने पर परिवार पर नियमानुसार जुर्माना भी लगाया जा रहा है। उन्होंने लोगाें से आह्वान किया कि रात्रि 10 बजे के बाद डीजे और माइक आदि का इस्तेमाल न करें।

Related posts