
सरकाघाट (मंडी)। सरकाघाट उपमंडल के अंतर्गत टिहरा पंचायत का एक युवक लापता हो गया। युवक चंडीगढ़ में नौकरी करता है और रविवार को उसकी शादी तय हुई है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार टिहरा पंचायत निवासी 30 वर्षीय राजन सुशांत पठानिया रविवार को अपनी शादी के लिए चंडीगढ़ से घर लौटा रहा था। 29 जनवरी को रात साढ़े दस बजे सरकाघाट के लिए बस में बैठा। राजन सुशांत पठानिया को चंडीगढ़ बस स्टैंड तक छोड़ने के लिए उसके साथ काम करने वाले दो साथी भी आए थे। चंडीगढ़ बस स्टैंड से राजन सुशांत ने अपनी बहन पूजा पठानिया को फोन कर बस में बैठने की बात कही। पूजा हमीरपुर में वकालत की प्रैक्टिस कर रही है। राजन ने अपनी बहन को बताया कि वह सुबह चार बजे सरकाघाट पहुंच जाएगा। 30 जनवरी को सुबह साढ़े सात बजे राजन सुशांत ने अपनी मंगेत्तर को भी फोन किया कि वह जाहू पहुंच गया है। उससे बस छूट गई है और अगली बस से आ रहा है।
जब राजन सुशांत पठानिया सरकाघाट नहीं पहुंचा तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। बहन ने उसके मोबाइल फोन पर संपर्क किया तो वह बिजी पाया गया। उसके बाद फोन स्विच आफ हो गया। इसके बाद परिजनों ने सरकाघाट थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई।
डीएसपी सरकाघाट केडी शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि लापता राजन सुशांत पठानिया का मोबाइल फोन आब्जरवेशन पर लगाया गया, जिसका लोकेशन ऊना के आसपास है। पुलिस युवक की तलाश में जुटी है।
