
रोहडू। जुब्बल तहसील के एक गांव की युवती के साथ एक युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुराचार किया। युवती ने ढली पुलिस थाना में मंढोल गांव के युवक के खिलाफ मामला दर्ज करवा दिया है। यहां से मामले को रोहडू पुलिस थाने में स्थानांतरित किया गया है। पुलिस ने युवती के बयान के आधार पर बलात्कार का मामला दर्ज कर आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार जुब्बल के एक गांव की युवती ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि मंढोल गांव के युवक विक्की खिमटा के साथ कुछ माह से उसकी अच्छी जान पहचान थी। 13 जून को विक्की ने उसे मिलने के लिए रोहडू बुलाया। उसी दिन विक्की उसे शादी का झांसा देकर रोहडू से शिमला ले गया। शिमला में वह उसे एक पहचान वाले के क्वार्टर में ले गया, जहां युवक ने उसके साथ दुराचार किया। पंद्रह जून को युवक उसे शिमला में छोड़कर भाग गया। उसके बाद युवती ढली पुलिस थाने पहुंची तथा युवक के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुराचार करने का मामला दर्ज करवाया। ढली पुलिस थाने से मामले को रोहडू पुलिस थाने में स्थानांतरित कर दिया गया है। रोहडू पुलिस ने आईपीसी की धारा 366 तथा 376 के तहत दुराचार का मामला दर्ज कर आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी है। सोमवार देर शाम तक युवक पुलिस की गिरफ्त से दूर था। डीएसपी रोहडू राजकुमार चंदेल ने बताया कि युवती ने ढली पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया था, जहां से उसे रोहडू स्थानांतरित किया गया है। मंढोल गांव का विक्की खिमटा युवती को रोहडू से ही शादी का झांसा देकर अपने साथ शिमला ले गया था। दुराचार करने के बाद युवक उसे छोड़कर भाग गया। युवती के बयान के आधार पर दुराचार का मामला दर्ज किया गया है। युवक की तलाश की जा रही है।
