शातिर ने खाते से निकाले 2 लाख 31 हजार

शिमला। सावधान, खुद को बैंक का प्रतिनिधि बताकर शातिर एटीएम पिन नंबर पूछकर ठगी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। शहर में शुक्रवार को ऐसे दो मामले सामने आए हैं। इनमें वायरलेस विंग खलीनी में तैनात एक एएसआई के खाते से 2 लाख 31 हजार शातिर ले उड़े। दूसरे मामले में एक युवक के खाते से 4500 सौ निकाल लिए। दोनों ही मामलों की शिकायत पुलिस तक पहुंच गई है। इस तरह के कई ठगी के मामले सामने आ चुके हैं।
एएसआई जवाहर सिंह के मोबाइल पर शातिर ने कॉल कर कहा कि वह स्टेट बैंक आफ इंडिया से बोल रहा है आपका एटीएम सुरक्षा कारणों से ब्लॉक कर दिया है। अब बैंक की ओर से आपको नया पिन नंबर दिया जा रहा है कृपया इसे नोट करे अब आपका पुराना पिन नंबर नहीं चलेगा। उसकी बातों में जवाहर सिंह आ गया। इसी बीच शातिर ने एटीएम का पिन नंबर बातों ही बातों में पूछ लिया। पिन नंबर देने के कुछ समय बाद ही जवाहर सिंह ने मोबाइल पर मेसेज आया कि उनके खाते से करीब 2 लाख 31 हजार की निकासी हो चुकी है। इसके बाद ही उन्हें अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने तुरंत इस बारे में थाना छोटा शिमला पुलिस को सूचित कर दिया है।
दूसरा मामला थाना सदर के तहत सामने आया है, शुक्रवार सुबह करीब साढ़े दस बजे अजय नाम के युवक के मोबाइल पर कॉल आया। कहा कि वह स्टेट बैंक आफ इंडिया से बोल रहा हूं सुरक्षा के कारणों से आपका एटीएम ब्लॉक कर दिया है। अब एटीएम का नया पिन नंबर आपको दे रहे हैं इसे नोट कर लें। इसके बाद शातिर ने कहा कि वह अपने पुराने एटीएम का नंबर बता दें। पिन नंबर बताने के दो मिनट के भीतर ही अजय के मोबाइल पर पैसा निकासी का मेसेज आ गया। शातिर उसके खाते में पड़े 4500 निकाल चुका था। तब जाकर अजय को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ। थाना सदर में मुकदमा दर्ज करवा दिया है। एसपी अभिषेक दुल्लर ने कहा कि लोग ऐसी फर्जी काल से सावधान रहें। जागरूक होने की जरूरत है। किसी को फोन पर ही अपना पिन नंबर और अन्य जानकारियां कभी मत दें।

Related posts