शांता ने किया था ओबीसी आरक्षण का विरोध

धर्मशाला (आत्मा राम)कांग्रेस प्रत्याशी चंद्र कुमार ने धर्मशाला विस क्षेत्र में छह जनसभाएं की। जनसभाओं के दौरान उन्होंने केंद्रीय विवि का मुद्दा उठाया। उन्हाेंने आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री धूमल केंद्रीय विवि को बांटने की राजनीति कर रहे हैं। कांगड़ा के छेब में स्थापित निफ्ट में हिमाचल के लोगों को 27 फीसदी आरक्षण है, पर विडंबना है कि इस आरक्षण के बारे में सूबे के लोगों को जानकारी ही नहीं है। लोगों को अपनी बेटियों को निफ्ट में पढ़ाई के लिए भेजना चाहिए, ताकि वह एक अच्छी डिजाइनर बन कर हिमाचल का नाम रोशन कर सकें। जब पंच का चुनाव होता है तो 100 फीसदी वोटिंग होती है, एमएलए के चुनाव में 70 फीसदी और एमपी के चुनाव में सिर्फ 40 फीसदी लोग मत देते हैं। इस परंपरा को बदलना होगा। तभी एक सशक्त सरकार बन पाएगी।
चंद्र कुमार ने भाजपा प्रत्याशी शांता कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने ओबीसी को आरक्षण दिलाया था, लेकिन शांता कुमार और उनके साथियाें ने इसका विरोध किया था। सूचना का अधिकार, फूड सिक्योरिटी बिल ही नहीं आने वाले समय में कांग्रेस गरीब लोगों को निशुल्क स्वास्थ्य सेवा भी मुहैया करवाएगी।
चंद्र कुमार ने शनिवार को श्यामनगर, रामनगर, बड़ोई, रामनगर, खनियारा, नरवाणा आदि क्षेत्रों में जनसभाएं कीं। इस दौरान शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पप्पी, मंत पंचायत के प्रधान अनुराग युकां संसदीय क्षेत्र कांगड़ा के महासचिव विजय इंद्र कर्ण आदि मौजूद रहे। सुधीर शर्मा ने बताया कि जनसभाओं के दौरान बड़ोई से युवा नेता अशोक काजल भी कांग्रेस में शामिल हुए।

Related posts