शहादत का बदला ले भारत सरकार

पिथौरागढ़। आम आदमी पार्टी (आप) ने पुंछ सेक्टर में पाकिस्तान द्वारा पांच भारतीय जवानों की हत्या पर गुस्से का इजहार किया है। पार्टी ने इन शहीदों की हत्या का बदला लेने पर जोर दिया। कहा कि भारत सरकार का ढीलाढाला रवैया देश के हितों के खिलाफ है। विरोध में बृहस्पतिवार को संगठन ने भारत सरकार तथा पाकिस्तान सरकार का पुतला फूंका।
वक्ताओं ने कहा कि लगातार धोखेबाजी करने वाले पाकिस्तान ने देश के साथ एक बार फिर दगा किया है। ऐसे में पाकिस्तान को सख्त सबक सिखाना वक्त का तकाजा है, लेकिन भारत सरकार देशभर की भावना को दरकिनार कर रही है। संगठन ने कहा कि अगर भारत सरकार कहे तो सीमा की सुरक्षा के लिए स्वयंसेवक आगे बढ़ने को तैयार है। संगठन ने भारत और पाकिस्तान सरकार का पुतला फूंका।
बाद में शहीदों के सम्मान में दो मिनट का मौन रख शांति के लिए प्रार्थना की गई। पुतला दहन करने वालों में गोविंद बिष्ट, शमशेर महर, कवींद्र चंद, शोभा जोशी, दीपा चुफाल, पुष्पा सौन, जानकी मेहरा, प्रकाश जोशी, कैलाश जोशी, हरीश पंत आदि शामिल थे।

Related posts