शहर में बनेंगे तीन ओवरहेड ब्रिज

शिमला। पैदल चलने वाले लोगों को ट्रैफिक बढ़ने से सड़क पार करने में पेश आने वाली दिक्कतों के मद्देनजर शहर में तीन नए ओवरहेड ब्रिज निर्मित होंगे। पुल निर्माण को लेकर लोक निर्माण विभाग डीपीआर तैयार कर रहा है। ओवरहेड ब्रिज निर्माण पर करीब एक करोड़ का खर्च आएगा। जवाहर लाल नेहरू शहरी नवीनकरण रिन्यूअल मिशन (जेएनएनयूआरएम) से बजट प्रावधान किया जाना है। नगर निगम शिमला ने लोक निर्माण विभाग को ब्रिज निर्माण की डीपीआर तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी है। ओवरहेड ब्रिज विक्ट्री टनल में एजी कार्यालय की ओर से आने वाली सड़क पर किया जाना है। इसे नीचे मुख्य सड़क से गुजर रहे फुटपाथ से जोड़ा जाना है। वहीं, शहर के पुराने बस अड्डे में विंटर फील्ड में माल रोड से आने वाले पैदल रास्ते पर ओवरहेड ब्रिज बनाया जाना है। ओवरहेड ब्रिज के लिए तीसरी जगह ताराहॉल स्कूल के सामने तय की गई है। इन तीनों तय किए गए स्थानों पर एक करोड़ के करीब की लागत से ओवरहेड ब्रिज बनाए जाने हैं। इन पुलों के निर्माण से हजारों लोगों, स्कूली बच्चों को सड़क पार करने में पेश आने वाली परेशानी से छुटकारा मिलेगा। जल्द ही लोनिवि डिविजन नंबर एक नगर निगम को डीपीआर तैयार कर सौंप देगा। इसे नगर निगम जेएनएनआरयूएम के तहत बजट स्वीकृत करवाने के लिए आगे भेजेगा। बजट मिलने पर इन तीनों प्रोजेक्ट पर कार्य शुरू होगा।

15 दिन में तैयार होगी डीपीआर : दीपक राज
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दीपक राज चौहान और सहायक अभियंता अजय सोनी ने बताया कि नगर निगम कमिश्नर के साथ इस मामले पर चर्चा के बाद इसकी डीपीआर तैयार करने को कहा गया। अगले 15 रोज में डीपीआर तैयार की जाएगी। इन तीनों स्थानों को लोगों की समस्या को देखते हुए तय किया गया है।

Related posts