शहर में नहीं दिखी वोटरों की कतार

मंडी। संसदीय सीट मंडी में पहली बार हो रहे उपचुनाव में वोट डालने के लिए लोगों में उत्साह दिखाई नहीं दिया। मतदान की शुरुआत बड़ी धीमी गति से हुई। दोपहर तक भी लोग मतदान करने के लिए घरों से कम ही बाहर निकले। कई पोलिंग बूथों पर बिना मतदाताओं के सन्नाटा पसरा रहा। बूथ के अंदर चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मचारी और बाहर सुरक्षा कर्मी ही नजर आए। सुबह आठ बजे से लेकर दोपहर एक बजे तक मंडी शहर के अधिकतर पोलिंग बूथों पर मतदाताओं की कतार नहीं दिखाई दी।
निर्वाचन आयोग के आदेशों के अनुसार रविवार सुबह ठीक आठ बजे मतदान शुरू हुआ है। दोपहर बारह बजे तक भी मतदान में खास तेजी नहीं आई। मतदान को लेकर अमर उजाला की टीम ने मंडी शहर के कई पोलिंग बूथों का दौरा किया।
सुबह नौ बजे टाउन हाल पोलिंग बूथ में मतदान करने के लिए इक्का-दुक्का लोग ही नजर आए। 11.45 बजे ब्वायज स्कूल पोलिंग बूथ पर वोट डालने के लिए मतदाताओं की लाइन दरवाजे तक नजर आई। 12.00 बजे आईटीआई मंडी पोलिंग बूथ में सात-आठ लोग ही वोट डालने के लिए लाइन में लगे थे। 12.15 बजे भ्यूली स्थित पोलिंग बूथ में एक भी मतदाता नजर नहीं आया। चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मचारी भी मतदाताओं का इंतजार करते रहे। पोलिंग बूथ के बाहर किसी दल के कार्यकर्ता भी नहीं दिखे। इस बूथ पर कुल 743 मतदाताओं में से 187 ने वोट डाल दिए थे। 12.35 बजे पुरानी मंडी के दो पेालिंग बूथों में भी वोट डालने के लिए एक-दो लोग ही आते-जाते मिले। करीब एक बजे गर्ल्स स्कूल मंडी पोलिंग बूथ में मतदाताओं की चहल-पहल न होने से सन्नाटा सा रहा। इसके अलावा जिला के जोगिंद्रनगर, द्रंग, नाचन, सरकाघाट, बल्ह, करसोग, सुंदरनगर, सराज में भी मतदान की शुरुआत धीमी रही।

Related posts