शहर में आरोपी को देख हलचल

चंबा(गीता)एक संगीन मामले में पुलिस रिमांड पर चल रहे एक आरोपी को शहर में खुलेआम घुमते देख शहरवासियों के होश फाख्ता हो गए। चर्चा यह भी है कि यह आरोपी पुलिस की सलाखों से बचने के लिए बीमारी का बहाना करके अस्पताल में है। सोमवार को तो पुलिस की कार्यप्रणाली ही शक की घेरे में आ गई। सुबह करीब साढ़े आठ बजे आरोपी को अस्पताल से लेकर अपने घर बिना किसी पुलिस कर्मी के आते-जाते देखा गया। बताया जाता है कि इन आरोपियों से जनता खौफ खाती है। हाल ही में पुलिस की सख्त कार्रवाई के चलते लोगों को इन पर लगाम कसे जाने की उम्मीद बंधी थी। अब जिस तरह से एक संगीन मामले का आरोपी पुलिस रिमांड के बावजूद खुलेआम घुमता देखा गया है, उससे जनता का पुलिस पर से विश्वास उठ सकता है। वहीं ऐसे तत्वों के हौसले ओर बुलंद होने की बात कही जा रही है। फिलहाल इस मामले में कोई खुलेआम बोलने की हिम्मत तो नहीं कर पा रहा, मगर जब इस बारे में एसपी डीके चौधरी से बात की गई तो उन्होंने मामले को गंभीरता से लेने की बात कही है। उन्होंने बताया कि दोपहर बाद इस बात की भनक लगते ही उन्होंने पुलिस कर्मियों को अस्पताल भेजा था, मगर तब आरोपी अस्पताल में ही था। उधर, आरोपी के इस तरह पुलिस हिरासत में मजे से रिमांड अवधी अस्पताल में ही पूरी किए जाने और बेखौफ शहर में घूमने की घटना अपराधियों की सांठगांठ की ओर भी इशारा करती नजर आ रही है।

Related posts