
मंडी(ओमप्रकाश)डीसी देवेश कुमार ने कहा कि अधिकारी आपस में बेहतर तालमेल बनाकर मंडी शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का काम करें। वे सोमवार को प्रशासन में दक्षता लाने संबंधी विषय पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जिले में गैर कानूनी खनन पर रोक लगाने के लिए हर संभव प्रयास करें। उन्होंने कहा कि मंडी शहर में डोर-टू-डोर कूड़ा कचरा इकट्ठा करने की योजना चल रही है।
नगर परिषद के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे शहर के सभी परिवारों को इस योजना के तहत लाने के हर संभव प्रयास करें। कहा कि जिले में यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रयास किए गए हैं। शहरी क्षेत्रों में गाड़ियों को पार्क करने के लिए स्थान चिन्हित कर दिए हैं। पुलिस महकमे के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे जिला प्रशासन द्वारा समय-समय पर यातायात से संबंधी जारी अधिसूचनाओं का अनुपालन करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अधिकारी जिले में स्थित बाल आश्रमों और उचित मूल्यों की दुकानों का समय-समय पर निरीक्षण करते रहें। डीसी ने अधिकारियों से आह्वान किया कि वे पूरा कर लिए गए कार्यों के उपयोगिता प्रमाणपत्र जल्द जारी करें। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त गोपाल चंद, एडीएम पंकज राय और अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक केसी राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
