
मंडी। उपायुक्त देवेश कुमार ने कहा कि जिले में इस समय 11 गौ सदन चल रहे हैं। इनमें लगभग 750 गउओं को रखने की क्षमता है। विभिन्न कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि इस समय गौ सदनों में 460 के करीब गउएं हैं, जिनका समय-समय पर पशुपालन अधिकारियों की ओर से चिकित्सा निरीक्षण भी किया जा रहा है। हणोगी में भी गौसदन स्थपित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। नगर परिषद मंडी के सात वार्डों में डोर-टू-डोर कूड़ा कचरा इकट्ठा करने की योजना काफी समय से चल रही है। अब अधिकतर लोग इस योजना के तहत योगदान दे रहे हैं।
उपायुक्त ने शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग और नगर परिषद के अधिकारियों से कहा कि वह निर्धारित पार्किंग स्थलों में ही वाहनों को पार्किंग करने के लिए लोगों को प्रेरित करें। रेहड़ी-फड़ी भी चिन्हित स्थानों पर ही लगाई जानी चाहिए। पैलेस कॉलोनी में भी एक पार्किंग स्थल तैयार किया जाएगा। उन्होंने कांगणी में निर्मित किए जाने वाले बहुउद्देशीय हाल का निर्माण कार्य जल्द करने के आदेश भी अधिकारियों को दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोटली बस स्टैंड का एफसीए केस जल्द मंजूरी के लिए भेजा जाए। भूतनाथ सराय के आवश्यक कार्य के लिए भी राशि मंजूर कर ली गई है। बैठक में सहायक आयुक्त नीलम दुल्टा, एसडीएम शुभकरण सिंह आदि मौजूद रहे।
