
चंपावत। खाद्य सुरक्षा एक्ट के दायरे में आने वाले शहरी क्षेत्र के लोगों के सत्यापन तथा चिन्हीकरण का काम जारी है। आज बालेश्वर वार्ड में 60 लोगों के आय प्रमाणपत्र सत्यापित किए गए। इस वार्ड में अब तक 120 लोगों का चिन्हीकरण हो चुका है। सरकार ने एक्ट के दायरे में आने वालों को दो रुपये किलो गेहूं और तीन रुपये किलो चावल देने का ऐलान किया है। राशन की प्रतिमाह मात्रा 25 किलो रहेगी।
बालेश्वर वार्ड में राजस्व उपनिरीक्षक जगदीश गिरी ने लोगों की आय का सत्यापन किया। खाद्य सुरक्षा एक्ट का लाभ उन लोगों को मिलेगा जिनकी मासिक आय 15000 रुपये से कम है। राज्य में एक्ट के प्रावधान कल मंगलवार से लागू हो चुके हैं। जिलों में यह व्यवस्था सत्यापन का काम पूरा होने के बाद लागू होगी। बालेश्वर वार्ड के रामलीला मैदान में आयोजित सत्यापन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। लोगों में खाद्य सुरक्षा एक्ट को लेकर भारी उत्सुकता है।
सत्यापन के काम को संपन्न कराने में सभासद अनीता प्रहरी, सूरज प्रहरी, सुदर्शन साह, पुष्पा धानिक, राजेंद्र वर्मा, सुनील गड़कोटी, विजय वर्मा आदि ने सहयोग दिया। वार्ड में शेष बचे लोगों का सत्यापन एक दो दिन के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। इस बीच नगरपालिका ने हर वार्ड में सत्यापन के लिए तिथियों का निर्धारण कर दिया है।
