शरारती तत्वों ने तोड़ा स्टोर रूम का ताला

मंडी। जिले की अति दुर्गम पाठशाला गाड़ागुशैणी में शरारती तत्वों ने स्कूल के स्टोर रूम का ताला तोड़ दिया। इसके बाद शरारती तत्वों ने स्टोर रूम और स्कूल परिसर में हरी लकड़ियां फेंक दी हैं। स्टोर रूम का ताला तोड़ने पर स्कूल प्रबंधन ने इसकी शिकायत बालीचौकी पुलिस चौकी में दर्ज करवाई है। बालीचौकी पुलिस ने मौके का मुआयना कर छानबीन शुरू कर दी है।
स्कूल प्रशासन का आरोप है कि स्कूल परिसर में हरी लकड़ियां फेंककर फंसाने की साजिश रची जा रही है। फिलहाल पुलिस में शरारती तत्वाें के खिलाफ ही मामला दर्ज हुआ है। बताया जा रहा है कि स्कूल में कार्यरत चौकीदार को भी शरारती तत्वों ने रात के अंधेरे में तंग किया और उसे गालियां दी हैं। स्कूल प्रधानाचार्य कमलेश गुप्ता ने अनुसार स्कूल के स्टोर रूम का शरारती तत्वों ने ताला तोड़ डाला है । स्टोर रूम में रखे सामान के साथ छेड़छाड़ ही नहीं बल्कि इसमें हरी लकड़ियां भी फेंकी गई हैं। उन्होंने कहा कि कुछ अज्ञात शरारती तत्व इस प्रकार के कृत्य को अंजाम देकर स्कूल प्रबंधन को फंसाने की कोशिश कर रहे हैं। इस संबंध में बालीचौकी पुलिस प्रभारी सुभाष चंद ने बताया कि स्कूल प्रधानाचार्य की ओर से अज्ञात लोगों की ओर से स्कूल के स्टोर रूम का ताला तोड़ने की शिकायत आई है। शिकायत मिलते ही पुलिस छानबीन में जुट गई है।

Related posts