शराब बेची तो पंचायत करेगी कार्रवाई

ठियोग (शिमला)। अवैध रूप से शराब बेचने वालों के खिलाफ पंचायत कार्रवाई करेगी। शराब का कारोबार करने वालों की सूचना पुलिस को दी जाएगी और कानूनी कार्रवाई में पूरा सहयोग किया जाएगा। यह निर्णय विकास खंड ठियोग की धरेच पंचायत में चल रहे आर्ट आफ लिविंग के पार्ट वन कोर्स के दौरान स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियाें ने स्थानीय युवाओं, महिलाओं तथा अन्य नागरिकों की सहमति से लिया। धरेच पंचायत के उप प्रधान शिवराम शर्मा ने बताया कि नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ पंचायत कार्रवाई करेगी। इसके लिए बाकायदा ग्रामसभा की बैठक में प्रस्ताव पास करवाया जाएगा। नशे की खेती तथा बिक्री करने वालों को पहले यह काम छोड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा, बावजूद इसके यदि कोई नशे से संबंधित कोई भी काम करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। शिवराम शर्मा ने बताया कि छह दिवसीय आर्ट आफ लिविंग के कोर्स के बाद पंचायत के साठ लोगों ने नशा छोड़ने का संकल्प लिया है। शिविर के दौरान जागरूकता रैली निकाल कर लोगों को नशों के बुरे प्रभावों से अवगत भी करवाया गया है। आर्ट आफ लिविंग के प्रशिक्षक सुकांत चौहान तथा मीनाक्षी चौहान ने बताया कि शिविर के दौरान पंचायत के लोगों को योग, प्राणायाम, ध्यान और सुदर्शन क्रिया सिखाई गई। शिविर में भाग लेने के बाद दो लोग जो शराब और सिगरेट के आदी थे, ने नशा छोड़ दिया है। शिविर में अनीता कुमारी, अजय, भवानी, अमित, धनीराम, विजय तथा राजेश ने भी भाग लिया।

Related posts