
शिमला। शराब पीकर ड्राइविंग करने वालों की खैर नहीं। पुलिस जगह-जगह चालकों की एल्कोहल सेंसर से जांच कर रही है। बीते शुक्रवार से रविवार तक पुलिस ने पंद्रह गाड़ियों को मौके पर ही जब्त कर लिया है। सभी को एक-एक हजार रुपये जुर्माना भी किया गया है। इनमें दस गाड़ियां बाहरी राज्यों के नंबर वाली हैं जबकि पांच लोकल। आज और कल भी पुलिस का यह अभियान जारी रहेगा। डीएसपी ट्रैफिक दिनेश शर्मा ने कहा कि पुलिस का यह विशेष अभियान जारी रहेगा।
पुलिस ने शहर के प्रवेश द्वारों ढली और शोघी में नाके लगाए हैं। पुलिस को अंदेशा है कि 30 और 31 दिसंबर को इस तरह के मामलों में खासी बढ़ोतरी हो सकती है। शुक्रवार से रविवार तक हुई कार्रवाई में ये गाड़ियां पकड़ी गई हैं। पुलिस ने बीते सप्ताह से यह विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस प्रशासन का मानना है कि नए साल का जश्न मनाने की गरज से कई लोग शराब का सेवन करते हैं और गाड़ी चलाने से भी गुरेज नहीं करते। इस स्थिति में हादसे का अंदेशा बना रहता है। लिहाजा, शिमला पुलिस ऐसे शराबी चालकों के खिलाफ सख्ती से पेश आ रही है। पुलिस गाड़ियों की चेकिंग कर रही है और संदेह के आधार पर चालक का एल्कोहल सेंसर से टेस्ट लिया जा रहा है। शराब पीने की पुष्टि होने पर मौके पर चालान किया जा रहा है और गाड़ी को वहीं जब्त किया जा रहा है। आरोपी चालक का परिचित गाड़ी को ले सकता है, बशर्ते वह शराब के नशे में न हो और उसके पास ड्राइविंग लाइसेंस हो।
