शराब ठेके को स्थानांतरित करने की मांग

(कांगड़ा)। विकास खंड फतेहपुर की पंचायत स्थाना के जागीर नामक स्थान पर खुले शराब के ठेके के स्थानांतरण के लिए पंचायत प्रतिनिधियों सहित स्थानीय लोग लामबंद होना शुरू हो गए हैं। स्थानीय लोगों उप प्रधान प्रीतम, वार्ड पंच हरबंस, प्रकाश चंद, धर्म सिंह, बालक, धनु राम, काश्मीर सिंह, अतर सिंह, भान सिंह, करतार सिंह, वीर सिंह तथा प्रकाश आदि का कहना है कि इस शराब ठेके से मात्र 10 मीटर की दूरी पर आंगनबाड़ी केंद्र है। यहां पर पढ़ने वाले बच्चों और आने वाले कर्मचारियों को शराब ठेके के कारण शराबियों के जमावड़े से परेशानी होती है। दूसरी ओर करीब 40 मीटर दूरी पर शिव मंदिर होने के चलते भक्तों की आस्था को ठेस पहुंच रही है। वहीं, शाम ढलते ही शराबी जमघट के कारण बस स्टाप जागीर पर बस का इंतजार करने वाली महिलाओं को परेशानी झेलनी पड़ती है। इसी के चलते स्थाना पंचायत के प्रतिनिधियों ने ठेके के स्थानांतरण के लिए सर्वसम्मति से प्रस्ताव डीसी आफिस भेजा था। विडंबना यह है कि इस पर आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे लोगों में रोष है। लोगों ने प्रशासन से गुहार लगाई की इस समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
जवाली के एसडीएम डा. सुरेश जसवाल का कहना है कि मामले की छानबीन के आदेश दिए जाएंगे। जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी।

Related posts